देवाल में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने देवाल बाजार के समीप प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की रूपरेखा, डिजाइन एवं तकनीकी पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि थराली-देवाल मोटर मार्ग पर ब्रिडकुल द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना की अनुमानित लागत ₹18 करोड़ है, जिसमें 77 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इस परियोजना के निर्माण से देवाल बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान मिलने के साथ यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्किंग का डिजाइन तैयार करते समय भवन उपनियमों के सभी प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पार्किंग परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में परियोजना की उपयोगिता और राजस्व सृजन की दृष्टि से भी यह अधिक प्रभावी सिद्ध हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक अभियंता अभिषेक सिंह सहित जिला विकास प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed