क्षेत्र पंचायत बैठक में हंगामा: वित्तीय आवंटन में भेदभाव और सोलर स्ट्रीट लाइट खरीद में अनियमितता के आरोप, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली।
थराली क्षेत्र पंचायत की बैठक मंगलवार को उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई जब क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सबसे पहले राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग की धनराशि के आवंटन में कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया। इसके बाद सदस्यों ने सोलर स्ट्रीट लाइटों की खरीद में भी अनियमितता का आरोप लगाया। सदस्यों का कहना था कि करीब 11 हजार कीमत वाली सोलर स्ट्रीट लाइटें 16 हजार में खरीदी गई और पंचायतों में लगाई गईं, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।
ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक शुरू होते ही सदस्य भावना रावत ने क्षेत्र पंचायत निधि, राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग की राशि के आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाया। इसके बाद सदस्य राकेश जोशी ने भी आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। मामला तब और गर्मा गया जब सदस्य मनमोहन सिंह रावत ने नारेबाजी करते हुए पीठ के सामने धरना शुरू कर दिया। उनके साथ भावना रावत, भानू प्रकाश फरस्वाण, राकेश जोशी, बबीता और सुमन देवराड़ी भी धरने पर बैठ गए।
करीब दो घंटे तक सदन में लगातार हंगामा होता रहा। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, ज्येष्ठ प्रमुख नवनीत रावत, कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह और खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया ने धरने पर बैठे सदस्यों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बैठक के दौरान डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी ने पंचायत राज अधिनियम की धारा 82 का हवाला देते हुए कहा कि धन का आवंटन नियोजन समिति द्वारा बीडीओ की देखरेख में किया जाता है और उसे सदन से पारित कराया जाता है। इस पर विरोध कर रहे सदस्यों ने आरोप लगाया कि आवंटन का पूरा विवरण सदन के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत नहीं किया जाता।
हंगामे के बीच ब्लॉक के लेखाकार ने प्राप्त धनराशि का विवरण सदन में पढ़कर सुनाया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। इस दौरान प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के आह्वान पर प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए सदन छोड़ दिया। पर्याप्त संख्या में जनप्रतिनिधियों के बाहर चले जाने और लगातार जारी गतिरोध के चलते ब्लॉक प्रमुख ने अंततः बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।