अच्छी पहल: पालिका अध्यक्ष गणेश शाह की पहल से असहाय परिवार को मिली नई उम्मीद, हर ओर हो रही सराहना
बदलता गढ़वाल न्यूज,
कर्णप्रयाग।
आशीष थपलियाल के असमय निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी के सामने अपने बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बन गई। आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने कई लोगों और संस्थाओं से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।
ऐसे कठिन समय में कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिवार की सहायता के लिए हाथ बढ़ाया। उनकी पहल से आशीष थपलियाल की पत्नी को आर्थिक संबल मिला, जिससे अब वह अपने बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभा सकेंगी।
गणेश शाह द्वारा की गई इस मदद की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समाज में ऐसे जनप्रतिनिधियों की आवश्यकता है, जो संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें सहारा दें। लोगों ने इसे मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
परिवार ने भी इस सहयोग के लिए नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मिली सहायता उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है।