दु:खद खबर: आग बुझाने गए फायर वाचक की झुलसने से मौत, परिजनों ने की उचित मुआवजे की मांग

बदलता गढ़वाल न्यूज,
चमोली।

जिले में जंगलों की आग अब जानलेवा साबित होने लगी है। बिरही क्षेत्र के जंगलों में लगी आग बुझाने के दौरान जोशीमठ विकासखंड के पाखी गांव निवासी एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार बिरही के समीप जंगलों में आग लगने के बाद स्थानीय लोग और वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी थी। इसी दौरान पाखी गांव निवासी युवक आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

फायर वाचक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने वन विभाग और प्रशासन से उचित मुआवजा देने के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने जंगल की आग बुझाने में सहयोग करते हुए अपनी जान गंवाई है, इसलिए सरकार को परिवार की हरसंभव मदद करनी चाहिए।

ग्रामीणों ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। जंगलों में लग रही आग से वन संपदा के साथ लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने सरकार से वनाग्नि रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed