चमोली पुलिस ने 2 महीने पहले हुए मर्डर का किया खुलासा, प्रतिष्ठा और उधारी बनी मौत का कारण, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बदलता गढ़वाल न्यूज,
कर्णप्रयाग।

10 मार्च को लंगासू पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अलकनन्दा नदी में मिले युवक के शव मामले का चमोली पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी नरेंद्र तोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल की गई कार भी बरामद कर सीज कर दी है। मामले के खुलासे पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

एसपी चमोली सुरजीत पंवार ने घटना का खुलासा करते हुए कर्णप्रयाग थाने में प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि मृतक सूरज पुरोहित चमोली जिले के बमोथ गांव का निवासी था और नंदप्रयाग स्थित नरेंद्र तोपाल के होटल में काम करता था। बताया गया कि नरेंद्र ने सूरज से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

एसपी चमोली ने बताया कि 16 फरवरी को नरेंद्र तोपाल ने नंदप्रयाग में एक कमरे के भीतर सूरज पुरोहित के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद सूरज बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी ने उसे सफेद रंग के बैग में बांधकर अलकनंदा नदी में फेंक दिया।

10 मार्च को लंगासू पुलिस चौकी क्षेत्र के समीप अलकनंदा नदी में एक शव बरामद हुआ था। शव के हाथ पर “सूरज पुरोहित” लिखा होने के आधार पर पुलिस ने पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई।

23 मार्च को मृतक की पत्नी की तहरीर पर कर्णप्रयाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी नरेंद्र तोपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। एसपी चमोली ने बताया कि मृतक सूरज पुरोहित कर्णप्रयाग तहशील के बमोथ गांव का रहने वाला है जबकि हथ्या का आरोपी नरेन्द्र तोपाल नंदप्रयाग के धारकोट गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

एसपी चमोली ने बताया कि पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सफल खुलासे पर आईजी गढ़वाल द्वारा पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *