हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुरू

बदलता गढ़वाल न्यूज,
पीपलकोटी(चमोली)।

चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी में वार्षिकोत्सव का शुभारंभ हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विकासखंड दशोली प्रमुख विनीता देवी और नगर पंचायत पीपलकोटी की अध्यक्ष आरती नवानी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में आकर्षक और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं,जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक गौरव फर्शवान ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस विद्यालय की स्थापना की गई है, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्य अतिथि विनीता देवी ने छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी विशेष महत्व होता है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

वहीं, विशिष्ट अतिथि एवं नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी ने कहा कि पीपलकोटी में इस तरह के शिक्षण संस्थान की स्थापना से स्थानीय लोगों को अपने बच्चों के भविष्य को लेकर भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा सुविधाओं के चलते क्षेत्र में पलायन जैसी समस्या को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

इस मौके पर पूर्व प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट, भगत बिष्ट, सुखवीर रौतेला, मनोज कुमार, दीपक पंत, पार्षद अंकित सिंह, जगदीश सिंह और व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *