परीक्षा केन्द्रों पर शांति व्यवस्था हेतु केन्द्र व्यवस्थापक होंगे विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट – डीएम*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि जनपद चमोली में उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं दिनांक 21 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक सम्पन्न कराई जाएंगी। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड शासन द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

शासनादेश के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 15 (पूर्व की दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 21) के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र के केन्द्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया जा सकेगा।

विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा केन्द्र की सीमाओं में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अनुचित गतिविधियों पर नियंत्रण तथा परीक्षा संचालन को निर्विघ्न सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों के 100 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
जिलाधिकारी चमोली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, अनुशासन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed