चिपको महोत्सव में रक्तदान शिविर का आयोजन एक महत्वपूर्ण संदेश*
बदलता गढ़वाल न्यूज,
ज्योतिर्मठ।
हाल ही में ज्योतिर्मठ स्थित रविग्राम खेल मैदान में ऐतिहासिक चिपको आंदोलन की 52वीं वर्षगांठ के अवसर पर महोत्सव के दूसरे दिन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ की यूथ रेड क्रॉस इकाई, जिला रेड क्रॉस इकाई चमोली, शाकंभरी पैथोलॉजी लैब अपर बाज़ार ज्योतिर्मठ और उत्तराखंड रक्तदान केंद्र देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 72 यूनिट रक्तदान किया गया।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष और श्रीअरविन्द सोसायटी ज्योतिर्मठ के सचिव ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि चिपको आंदोलन के विचार और विरासत को समाज सेवा के लिए स्थायी प्रेरणा बनाने के लिए आवश्यक है कि इस विशेष दिन को अर्थवान कार्यक्रमों के माध्यम से जीवंत किया जा सके।

नीती घाटी की मिट्टी के लाल और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर और महाविद्यालय की यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के समन्वयक डॉ. नंदन सिंह रावत ने कहा कि समाज की सामाजिक चेतना के विकास और मनुष्य और पर्यावरण के रिश्ते को जिस गहराई से गौरा देवी के नेतृत्व में चिपको आंदोलन ने परिभाषित किया है उसने पूरी दुनिया में नीती घाटी, चमोली जिले और उत्तराखंड को एक नया सम्मान दिया है।

उन्होंने कहा कि चिपको आंदोलन की वर्षगांठ को रक्तदान शिविर जैसे मूल्यवान कार्यक्रम के माध्यम से मनाया जाना अपने आप में एक प्रेरणा है। शांकम्बरी पैथोलॉजी लैब जोशीमठ के अखिलेश भुजवांन ने भी आयोजन में अपना पूरा सहयोग दिया। सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने शिविर में रक्तदान करके आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर सिंह राणा, रविग्राम के पालिका पार्षद परवेश डिमरी, हरेंद्र सिंह राणा, किशोर पँवार, कलम सिंह राणा, सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।