*सुदूरवर्ती गांव घेस में डीएम ने चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं।*
बदलता गढ़वाल(08जुलाई2023)। *जिले के सुदूरवर्ती गांव घेस में जिलाधिकारी ने चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं।*
चमोली। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने शुक्रवार को जनपद के सुदूरवर्ती गांव घेस में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। उच्च हिमालयी क्षेत्र घेस में औषधीय जड़ी बूटियों का उत्पादन बढाने के लिए जिलाधिकारी ने तकनीक के साथ व्यावसायिक खेती का मॉडल विकसित करने पर जोर दिया। जडी बूटी उत्पादन और विपणन सुविधाओं को सरल बनाने के लिए उन्होंने किसानों के सुझाव भी लिए। खेतों में जडी बूटियों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने हर्बल गांव घेस को पर्यटन से भी जोडने पर जोर दिया।
लोगों को होम स्टे संचालन के लिए प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हर्बल गांव घेस घाटी अपनी नैसर्गिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। इस इलाके में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। सुदूरवर्ती गांव घेस पहुॅचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक बाद्य यन्त्रों एवं मांगलिक गीतों के साथ जिलाधिकारी का स्वागत किया।